“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में किरायेदार और नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने दी एडवाइजरी

कैथल, 23 सितंबर। कैथल पुलिस ने जिले में रह रहे किरायेदारों और घर-दुकानों में काम करने वाले नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर मकान मालिकों और दुकानदारों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन से अपील की है कि किरायेदार या घरेलू नौकर रखने से पहले उनकी पूरी जानकारी लेकर स्थानीय पुलिस से वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं।

एसपी ने कहा कि कई बार किरायेदार या नौकर द्वारा मालिक से झगड़ा, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामले सामने आते हैं। इसके अलावा दूसरे शहर या राज्य में अपराध करने वाले कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर अन्य स्थानों पर किरायेदार बनकर रह सकते हैं। ऐसे मामलों में सही जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस की जांच प्रभावित हो सकती है।

किरायेदार का पूरा नाम, पता और मोबाइल नंबर करें नोट

कैथल पुलिस के अनुसार मकान मालिकों को अपना मकान किराये पर देने से पहले किरायेदार का पूरा नाम, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी नोट करनी चाहिए। इसके बाद स्थानीय पुलिस से किरायेदार का सत्यापन करवाकर ही उसे मकान किराये पर देना चाहिए।

इसी तरह घर या दुकान पर काम करने वाले नौकर की भी पहचान और पते की पूरी जानकारी लेकर उसकी पुलिस वेरिफिकेशन करवाने की सलाह दी गई है।

वेरिफिकेशन से पुलिस को मिलेगी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यदि किरायेदारों और नौकरों की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में उपलब्ध रहेगी तो किसी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को जांच करने में मदद मिलेगी। इससे अपराधियों की पहचान और उनके संबंध में जानकारी जुटाने में भी आसानी होगी।

पुलिस ने बताया कि कुछ मामलों में अपराधी किराये का मकान लेकर वारदात के लिए रेकी कर सकते हैं और घटना को अंजाम देने के बाद वहां से चले जाते हैं। ऐसे मामलों में यदि मकान मालिक के पास किरायेदार का फोटो, मोबाइल नंबर और सही पता उपलब्ध नहीं होता तो पुलिस जांच में परेशानी हो सकती है।

वेरिफिकेशन में लापरवाही न बरतें मकान मालिक और दुकानदार

एसपी ने मकान मालिकों और दुकानदारों से अपील की है कि वे किरायेदार और नौकर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। पुलिस के अनुसार यदि कोई मकान मालिक अपने किरायेदार या नौकर की थाना स्तर पर वेरिफिकेशन नहीं करवाता और संबंधित व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो मकान मालिक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए किरायेदारों तथा नौकरों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध करवाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *