“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में जिला स्तरीय मेगा जॉब फेयर, आरकेएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने जाना रोजगार का अवसर


कैथल, 27 सितंबर। आरकेएसडी कॉलेज, कैथल के विद्यार्थियों ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कैथल में जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय मेगा जॉब फेयर में भाग लिया। जॉब फेयर में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों, करियर विकल्पों और आवश्यक कौशल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी
जॉब फेयर के दौरान विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि वे सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद से अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं और अनुभव एवं योग्यता के आधार पर रिलेशनशिप मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर, डिप्टी मैनेजर तथा आगे चलकर ब्रांच मैनेजर जैसे पदों तक पहुंच सकते हैं।
SBI Life Insurance ने बताए बीमा क्षेत्र के अवसर
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को जीवन बीमा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न रोजगार एवं करियर अवसरों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को बीमा क्षेत्र में काम करने के लिए जरूरी स्किल्स, करियर ग्रोथ और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ विद्यार्थियों ने कराया ग्रुप फोटो
मेगा जॉब फेयर के दौरान विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ ग्रुप फोटो करवाने का अवसर भी मिला।
अश्विनी शोरेवाला ने विद्यार्थियों और सेल को दी बधाई
आरकेएसडी कॉलेज के प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने जॉब फेयर में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा प्लेसमेंट सेल एवं करियर गाइडेंस सेल को इस महत्वपूर्ण पहल में योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को रोजगार और करियर के ऐसे अवसरों से जोड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने स्किल डेवलपमेंट पर दिया जोर
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि इस तरह के जॉब फेयर विद्यार्थियों को सीधे इंडस्ट्री प्रतिनिधियों से जुड़ने और रोजगार की वास्तविक संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा अपने स्किल्स को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।
जॉब फेयर में विद्यार्थियों के साथ प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. विशाल आनंद एवं सुश्री अंजलि कुर्रा उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में करियर गाइडेंस सेल की कन्वीनर डॉ. पूजा गुप्ता का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कॉलेज प्रशासन ने जिला रोजगार कार्यालय और जॉब फेयर में शामिल सभी कंपनियों का विद्यार्थियों को रोजगार एवं करियर से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *