“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले चालक पर कार्रवाई, 42 हजार रुपये का चालान; बाइक इंपाउंड


बिना नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस के चला रहा था बाइक, प्रेशर हॉर्न भी मिला; पेहोवा चौक के पास ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

कैथल, 21 अक्टूबर। कैथल शहर में बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर आमजन में दहशत फैलाने वाले चालक के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को पेहोवा चौक के पास पीछा करके काबू किया। जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली और चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। इसके अलावा बाइक पर प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न लगा हुआ मिला। यातायात नियमों की उल्लंघना करने पर पुलिस ने बाइक का 42 हजार रुपये का चालान कर उसे इंपाउंड कर लिया।

पेहोवा चौक के पास ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ा

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की अगुवाई में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने पेहोवा चौक के पास बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर भाग रहे चालक को काबू किया। पुलिस के अनुसार, चालक गांव जुलानी खेड़ा का निवासी है। वह कैथल शहर में बाइक से पटाखे बजाकर लोगों में दहशत फैला रहा था।

बिना नंबर प्लेट और लाइसेंस के चला रहा था बाइक

जानकारी के अनुसार, पेहोवा चौक के पास पटाखे बजाकर बाइक भगाने पर ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी वाहन से उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं पाई गई। चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था और बाइक पर प्रेशर हॉर्न लगा हुआ था।

यातायात नियमों की गंभीर अवहेलना पाए जाने पर ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार 42,000 रुपये का चालान किया और बुलेट बाइक को इंपाउंड कर लिया।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज अपने पास रखें। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, तेज आवाज करने वाले हॉर्न का इस्तेमाल करने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने से बचें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

कैथल हरित | कैथल की ताजा खबरें और स्थानीय समाचार पढ़ने के लिए जुड़े रहें।