“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में ब्रह्म शक्ति सम्मेलन, रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर लगाए ब्राह्मण समाज की उपेक्षा के आरोप


कैथल, 5 जुलाई 2026। कैथल की सर्व ब्राह्मण धर्मशाला में रविवार को ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित ब्रह्म शक्ति सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा और भेदभाव के आरोप लगाए। कार्यक्रम में कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान रणदीप सिंह सुरजेवाला और आदित्य सुरजेवाला का पगड़ी पहनाकर तथा भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया गया। सम्मेलन का आयोजन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष कर्मबीर शर्मा खुराना द्वारा किया गया।
भाजपा पर साधा निशाना
सम्मेलन को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने देश के निर्माण और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद ब्राह्मण समाज की उपेक्षा, अपमान और भेदभाव किया है। उन्होंने हरियाणा और अन्य राज्यों के कई मामलों का उल्लेख करते हुए भाजपा पर ब्राह्मण समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कैथल के शेरगढ़ में भगवान परशुराम पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना कराई गई थी, लेकिन बाद में भाजपा सरकार ने उसका नाम बदल दिया।
आदित्य सुरजेवाला ने भी रखा पक्ष
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस शासन में विकास कार्यों में किसी भी वर्ग या क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने भाजपा सरकार पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही ऐसी राजनीति का जवाब है।
आयोजक ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक कर्मबीर शर्मा खुराना ने सम्मेलन में पहुंचे सभी अतिथियों और ब्राह्मण समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान और अधिकारों की आवाज आगे भी मजबूती से उठाई जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *