180 लीटर लाहण और 426.25 बोतल अवैध शराब बरामद, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार
कैथल, 15 सितंबर 2026। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कैथल पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 10 अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 180 लीटर लाहण तथा 426.25 बोतल अवैध शराब बरामद की है। एक मामले में आरोपी पुलिस पार्टी को देखकर मौके से फरार हो गया।
अलग-अलग स्थानों से बरामद हुई अवैध शराब
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना सिविल लाइन पुलिस ने गली नंबर 4, बलराज नगर कैथल से हरसोला निवासी जयभगवान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 बोतल देसी शराब बरामद की।
थाना ढांड पुलिस ने पंचमुखी चौक ढांड के पास एक दुकान पर दबिश देकर ढांड निवासी रुलदु को काबू किया। उसके कब्जे से एक पेटी में रखी 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस चौकी अनाज मंडी कैथल की टीम ने रेलवे स्टेशन से सैंसी बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी के दौरान जाखोली अड्डा कैथल निवासी राजेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 16 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई।
चौकी संगतपुरा पुलिस ने गांव सांघन से गुहणा रोड पर नाकाबंदी कर किच्छाना निवासी बलराज को ब्रेजा गाड़ी सहित काबू किया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 276 बोतल शराब बरामद हुई।
पुलिस चौकी क्योड़क, थाना सदर की टीम ने बलवंती रोड क्योड़क स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के पास से नौच निवासी रामेश्वर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक कैनी में 25 बोतल नाजायज देशी शराब बरामद हुई।
थाना सदर पुलिस ने गांव छौत से गांव गुहणा की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर गुहणा निवासी कुलदीप को काबू किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक थैले में 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
बाथरूम में छिपाकर रखा था 180 लीटर लाहण
थाना पूंडरी पुलिस ने गांव दुसैण निवासी गुरपेज सिंह के मकान पर दबिश दी। पुलिस को मकान के अंदर बने बाथरूम में प्लास्टिक ड्रम रखा मिला, जिसमें करीब 180 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
थाना राजौंद पुलिस ने राजौंद-पाई भाणा रोड स्थित एक ढाबे पर दबिश देकर सेरधा निवासी सुखविंद्र को गिरफ्तार किया। ढाबे के कमरे से 13 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई।
थाना सीवन पुलिस ने ककेहड़ी-कांगथली रोड पर नाकाबंदी के दौरान ककेहड़ी निवासी गुरमीत सिंह को काबू किया। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल पर बंधे कट्टे में रखी कैनी से 23.25 बोतल नाजायज शराब बरामद हुई।
पुलिस को देखकर फरार हुआ आरोपी
थाना तितरम पुलिस ने गांव जखोली निवासी धर्मबीर उर्फ काकु के मकान पर दबिश दी। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। मकान की तलाशी लेने पर रसोई में रखे सफेद रंग के प्लास्टिक पीपे से 16 बोतल हथकढ़ी नाजायज देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।
कैथल पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।



Leave a Reply