“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 600 कट्टे सब्सिडी वाले यूरिया खाद से भरा ट्रक जब्त, एंटी नारकोटिक सेल व सीवन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कैथल, 30 जुलाई 2026। कैथल पुलिस ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कृषि योग्य सब्सिडी वाले यूरिया खाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 कट्टे आईएफएफसीओ भारत यूरिया से भरा एक ट्रक जब्त किया है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जगभान सिंह की टीम 29 जुलाई को गश्त पर थी। इसी क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक PB11BR-5998 को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान ट्रक में आईएफएफसीओ द्वारा निर्मित 600 कट्टे भारत यूरिया खाद लदा मिला। ट्रक चालक जोगा सिंह (निवासी समाना, जिला पटियाला, पंजाब) तथा उसके साथ मौजूद आसिफ अली (निवासी बुडिया, जिला यमुनानगर) खाद से संबंधित कोई वैध बिल, बिल्टी या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

सूचना मिलने पर थाना सीवन पुलिस के एसआई सुभाष चंद, कृषि विभाग के गुण नियंत्रण निरीक्षक भूपिंद्र सिंह तथा उपमंडल कृषि अधिकारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जांच में पाया कि बरामद यूरिया भारत सरकार द्वारा किसानों के लिए अनुदानित कृषि उपयोग वाला खाद है, जिसकी बिक्री और उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के सब्सिडी वाले यूरिया का गैर-कृषि उपयोग, अवैध बिक्री, तस्करी या डायवर्जन सरकारी अनुदान का दुरुपयोग है और इसे गंभीर आर्थिक अपराध माना जाता है।

गुण नियंत्रण निरीक्षक भूपिंद्र सिंह की शिकायत पर थाना सीवन में फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर, आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना सीवन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि सब्सिडी वाले यूरिया खाद को कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।

SEO Tags

Kaithal News, Kaithal Police, Siwan Police, Anti Narcotic Cell Kaithal, Urea Fertilizer Seized, IFFCO Urea, Subsidized Urea, Essential Commodities Act, Fertilizer Control Order, Haryana News, Crime News Kaithal, Agriculture News Haryana

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *