कैथल, 24 सितंबर। सेवा, सुरक्षा और सहयोग के संकल्प को चरितार्थ करते हुए थाना शहर कैथल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुम हुए 3 वर्षीय बच्चे को करीब एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने कैथल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि बच्चा अपने परिजनों के साथ रेलवे गेट कैथल के पास आयोजित भंडारे में आया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे बच्चा परिजनों से अलग होकर कहीं चला गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना शहर कैथल के एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की तलाश करने के साथ-साथ आवश्यक पूछताछ भी की।
पुलिस टीम की तत्परता के चलते करीब एक घंटे के भीतर 3 वर्षीय बच्चे को सब्जी मंडी कैथल से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को थाना शहर कैथल लाया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
बच्चे को सकुशल देखकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता और सहयोग के लिए कैथल पुलिस का धन्यवाद किया।


Leave a Reply