“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 3 नशा तस्करों के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

कैथल, 28 जुलाई। हरियाणा सरकार द्वारा अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल जिला प्रशासन और पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों के अवैध रूप से निर्मित मकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

डीएसपी बीर भान ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अपराध एवं नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिरटा रोड, कैथल स्थित तीन अवैध मकानों को चिन्हित किया गया था। संबंधित व्यक्तियों को पहले नियमानुसार नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में पालन नहीं होने पर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दायरे में आए मकान सिरटा रोड निवासी गुरमुख उर्फ काला, सुखदेव उर्फ सुखा और बलराज के बताए गए हैं। प्रशासनिक जांच में इन निर्माणों को बिना वैध अनुमति के बनाया गया पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार इन्हें हटाया गया।

डीएसपी बीर भान के अनुसार, गुरमुख उर्फ काला के खिलाफ कैथल, रेवाड़ी और पटियाला में नशा तस्करी से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं। वहीं सुखदेव उर्फ सुखा के खिलाफ कैथल और नरवाना में 2 नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बलराज के विरुद्ध एक शराब तस्करी सहित अन्य दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस और प्रशासन भविष्य में भी अपराधियों और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रखेंगे। किसी भी अपराधी को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और जिले में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा की निगरानी में सम्पन्न हुई। मौके पर डीएसपी बीर भान, थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर गीता, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Keywords

  • कैथल न्यूज
  • Kaithal News
  • कैथल पुलिस
  • नशा तस्करों पर कार्रवाई
  • बुलडोजर कार्रवाई कैथल
  • हरियाणा पुलिस
  • Drug Smugglers Kaithal
  • Illegal House Demolition
  • Haryana Crime News
  • Kaithal Breaking News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *