“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 26.8 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर

गांव क्योड़क के पास NH-152 पर पुलिस ने की नाकाबंदी, इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक से नशीला पदार्थ बरामद

कैथल, 20 अक्टूबर। कैथल जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल की टीम ने गांव क्योड़क के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर एक युवक को 26.8 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव क्योड़क निवासी अमित उर्फ मीतु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एएसआई मंजीत सिंह की टीम हांसी-बुटाना नहर पुल के पास गश्त कर रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर की नाकाबंदी

गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव क्योड़क निवासी अमित उर्फ मीतु कथित तौर पर हेरोइन बेचने का काम करता है और नीले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर गांव क्योड़क से कैथल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हांसी-बुटाना नहर पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ समय बाद गांव क्योड़क की तरफ से नीले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक ने अचानक स्कूटी रोक दी और उसे सड़क से नीचे उतारकर भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को स्कूटी सहित काबू कर लिया।

तलाशी में 26.8 ग्राम हेरोइन बरामद

पकड़े गए युवक की पहचान अमित उर्फ मीतु निवासी गांव क्योड़क के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे कैथल के नायब तहसीलदार जसबीर सिंह की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलिथीन में रखा 26.8 ग्राम नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर कैथल में मामला दर्ज किया। मौके पर पहुंचे एसआई जसबीर ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की पूछताछ के लिए न्यायालय से आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

कैथल पुलिस के अनुसार, जिले में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।