

कैथल, 5 जुलाई। जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा क्षेत्र में पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्योड़क पुलिस नाका के पास नए बीट बॉक्स का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने फीता काटकर बीट बॉक्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह बीट बॉक्स पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बाखली (पिहोवा), जिला कुरुक्षेत्र के सहयोग से स्थापित किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप सिंह, पुलिस चौकी क्योड़क प्रभारी एएसआई बलजीत, एसपी प्रवक्ता तरसेम, ओएएसआई प्रवेश, एसआईएस संदीप, कंपनी के संचालक तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बीट बॉक्स पुलिसिंग व्यवस्था को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाएंगे। इससे क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संचालन में सुविधा मिलेगी और आमजन को पुलिस सहायता भी आसानी से उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भरोसेमंद और जनहितैषी पुलिसिंग को मजबूत करना भी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ने से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने बीट बॉक्स के निकट पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों से पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस “सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जनसहयोग से ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने बीट बॉक्स के निर्माण में सहयोग देने के लिए पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के साझा सहयोग से कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
SEO Keywords:
कैथल पुलिस, क्योड़क पुलिस नाका, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, बीट बॉक्स उद्घाटन, Kaithal Police News, Kyodak Police Beat Box, Kaithal Latest News, Haryana Police, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, कैथल समाचार, हरियाणा न्यूज, Kaithal Harit News.



Leave a Reply