“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के उझाना गांव में पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

कैथल, 23 जुलाई। कैथल जिले के उझाना गांव में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या के मामले में थाना सदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पानीपत जिले के गांव जलालपुर निवासी निवेश ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी बहन पूनम की शादी लगभग 20 वर्ष पहले गांव उझाना निवासी सतीश उर्फ मौजी के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। शिकायत में बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि पति परिवार के खर्च के लिए पर्याप्त धन नहीं देता था, जिसके कारण आए दिन झगड़े होते रहते थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर वह अपने भाई के साथ उझाना पहुंचा और दोनों को समझाकर वापस लौट गया। अगले दिन 22 जुलाई की सुबह उसकी भांजी ने फोन कर बताया कि उसके पिता ने उसकी मां का गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही परिजन नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

मामले की जांच थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप ने की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सतीश उर्फ मौजी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी तांत्रिक क्रियाओं में अधिक विश्वास करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोपी के अनुसार, पत्नी ने उसके भाइयों के सामने उसका अपमान किया, जिससे गुस्से में आकर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Keywords: Kaithal News, Ujhana Murder Case, Wife Murder Case Kaithal, Husband Arrested Kaithal, Kaithal Police, Haryana Crime News, Domestic Dispute Murder, Kaithal Crime News, थाना सदर कैथल, उझाना गांव हत्या मामला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *