“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के संस्कृत विश्वविद्यालय में रामायण पर बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने की घोषणा

कैथल। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से मानवता को मर्यादा, कर्तव्य, आदर्श जीवन, सत्य, त्याग, सेवा और लोक कल्याण का मार्ग दिखाया। भगवान वाल्मीकि ने प्रभु श्रीराम तक पहुंचने की सीढ़ी दिखाई और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को नैतिकता, समरसता तथा भाईचारे की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल में रामायण पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा भी की।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा रविवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं शरद पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा, पूर्व विधायक लीला राम और भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

संस्कृत को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने पर जोर

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि संस्कृत भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर है। इसे केवल अतीत की भाषा मानने के बजाय वर्तमान की संभावनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना जरूरी है। संस्कृत को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और तकनीक से जोड़कर विद्यार्थियों के लिए रोजगार, अध्यापन, अनुवाद और डिजिटल ज्ञान संसाधनों के क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 व्यक्तित्व निर्माण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक और आधुनिक अनुसंधान का ज्ञान प्राप्त करने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति, इतिहास और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।

युवाओं से देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान

शिक्षा मंत्री ने युवाओं से देशविरोधी षड्यंत्रों के प्रति सतर्क रहने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्तित्वों का निर्माण करना भी है, जो समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें और उनका निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि धर्म का कल्याण हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भाव हो और विश्व का कल्याण हो जैसी भावनाओं के साथ देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने संस्कृत के शोधार्थियों और विद्यार्थियों से शिक्षित, समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

देश के 18 संस्कृत विश्वविद्यालयों में सर्वाधिक 561 नए दाखिले

महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय में संस्कृत के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 561 नए दाखिले हुए हैं। यह संख्या देश के 18 संस्कृत विश्वविद्यालयों में सर्वाधिक बताई गई है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में लगभग 800 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गांव मूंदड़ी में विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर लगभग तैयार हो चुका है। विश्वविद्यालय में वेद, साहित्य, दर्शन, धर्मशास्त्र, व्याकरण, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन और योग सहित विभिन्न विषयों में सात स्नातक, आठ स्नातकोत्तर और छह डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालय में सराहनीय कार्य करने वाले स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया और विश्वविद्यालय प्रबंधन को दाखिलों में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।

भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक : सतपाल जांबा

पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि संस्कृत भारतीय सभ्यता की आत्मा है। वेदों, उपनिषदों, रामायण, महाभारत और अनेक शास्त्रों की अमूल्य ज्ञान-संपदा इसी भाषा में संरक्षित है। उन्होंने युवाओं से किसी के बहकावे में नहीं आने और शिक्षा व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने गांव डीग का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार की बिना पर्ची-बिना खर्ची की नीति के तहत गांव के 600 युवाओं को नौकरी मिली है। उन्होंने प्रदेश में 24 घंटे बिजली और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचारों को अपनाकर समाज को सशक्त और मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने संस्कृत विश्वविद्यालय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। पूर्व विधायक लीला राम ने महर्षि वाल्मीकि को युगदृष्टा बताते हुए कहा कि उनके विचार समाज में समानता और समरसता का संदेश देते हैं।

रामायण के प्रसंगों से दिया समानता और मानवता का संदेश

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं शिक्षाविद प्रो. ऋषिपाल बेदी ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए महर्षि वाल्मीकि के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने शबरी, केवट, गिद्धराज और देवी अहिल्या के प्रसंगों के माध्यम से बताया कि रामायण समाज में ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने, मानवता को महत्व देने और सभी को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के चरित्र के माध्यम से आदर्श समाज, आदर्श राजा और मानवतावाद का संदेश मिलता है। महापुरुषों के विचारों को जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत और रजिस्ट्रार डॉ. संजय गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर एडीसी डॉ. सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, मार्केट कमेटी चेयरमैन बिजेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के विद्वान, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।f