“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के प्योंदा में सुआ मारकर हत्या: थाना तितरम पुलिस ने 2 नाबालिगों को किया निरुद्ध

कैथल, 1 जुलाई। कैथल जिले के थाना तितरम क्षेत्र के गांव प्योंदा में सुआ मारकर एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग किशोरों को निरुद्ध कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव प्योंदा निवासी अजय की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, 27 जून की रात वह अपने चाचा 40 वर्षीय राममेहर और अन्य परिजनों के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। शिकायत करने के बाद कुछ अन्य युवक भी मौके पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया।

बताया गया कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई, जिसे आसपास के लोगों ने शांत करा दिया। लेकिन कुछ देर बाद कई युवक दोबारा मौके पर लौटे और हमला कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से राममेहर पर कई वार किए। बीच-बचाव के दौरान अजय भी घायल हो गया।

घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राममेहर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय का उपचार किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर थाना तितरम प्रभारी पीएसआई रवि कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव प्योंदा निवासी 17 वर्षीय दो किशोरों को निरुद्ध कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों के परिवार और मृतक के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते यह वारदात हुई।

पुलिस ने दोनों किशोरों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायालय के आदेशानुसार बाल सुधार गृह, करनाल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *