स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट और थाना पूंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मकान के साथ लगते बाड़े में रखे थे पटाखे; आरोपी राकेश कुमार काबू
कैथल, 21 अक्टूबर। कैथल जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल और थाना पूंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पूंडरी की इंद्रा कॉलोनी में छापेमारी कर अवैध पटाखों की 160 गत्ता पेटियां बरामद की हैं। बरामद पटाखों का गत्ते सहित कुल वजन 1245.276 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को काबू किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 20 अक्टूबर को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई बलकार सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 14, इंद्रा कॉलोनी, पूंडरी निवासी राकेश कुमार ने अपने मकान के साथ लगते बाड़े में बिना लाइसेंस बिक्री के लिए बम-पटाखे रखे हुए हैं। सूचना में इन पटाखों से आमजन की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलने के बाद स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट और थाना पूंडरी प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार की संयुक्त टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार की और बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर गेट बंद करने का किया प्रयास
पुलिस टीम जब मकान के साथ लगते बाड़े में पहुंची तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को देखकर लोहे का गेट अंदर से बंद करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस कर्मचारियों ने गेट खुलवाकर उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान राकेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 14, इंद्रा कॉलोनी, पूंडरी के रूप में हुई।
सफेद रंग की 81 और खाकी रंग की 79 पेटियां मिलीं
पुलिस ने बरामद पेटियों की जांच के लिए एलएफएम दर्शन सिंह को मौके पर बुलाया। जांच के दौरान पेटियों में बम-पटाखे (चट्टर-पट्टर) होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी पेटियों की गिनती की, जिसमें सफेद रंग की 81 और खाकी रंग की 79 पेटियां मिलीं। इस प्रकार कुल 160 गत्ता पेटियां बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, प्रत्येक पेटी में 40 डिब्बे और प्रत्येक डिब्बे में 10 की पैकिंग थी। सभी पेटियों को अलग-अलग मार्क करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया गया। गत्ते सहित सभी पेटियों का कुल वजन 1245.276 किलोग्राम पाया गया।
आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई जारी
कैथल पुलिस द्वारा आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
कैथल की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें Kaithal Harit।f

