कैथल, 26 जुलाई। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच आमजन और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कैथल पुलिस ने ओएसडीएवी स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना साइबर क्राइम कैथल की टीम ने छात्रों और स्कूल स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए।
कार्यक्रम में एएसआई विनोद कुमार और एएसआई प्रदीप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग और साइबर धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या अन्य निजी विवरण साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया अकाउंट के लिए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें यह काम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर हेल्प डेस्क अथवा साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
वास्तविक मामलों से किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने वास्तविक साइबर अपराधों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छात्रों को अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने और हर ऑनलाइन गतिविधि में सतर्क रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “जितना डिजिटल होंगे, उतना ही साइबर सतर्क रहना आवश्यक है। यदि युवा पीढ़ी जागरूक बनेगी तो पूरा समाज साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकेगा।”
Tags: Kaithal News, Cyber Security, Cyber Crime Kaithal, OSDAV School Kaithal, Online Fraud, Digital Safety, Haryana Police, Cyber Awareness Program, Cyber Helpline 1930, Kaithal Police


Leave a Reply