“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के कलायत में दुकान पर कब्जे की कोशिश, ताला तोड़कर सामान बाहर फेंका; 2 आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 14 सितंबर 2026। कलायत क्षेत्र में एक दुकान पर कब्जा करने की नीयत से ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर फेंकने के मामले में थाना कलायत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पिंजुपुरा निवासी सलीम खान और कलायत निवासी राकेश उर्फ राकू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना कलायत प्रभारी पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में एचसी दिनेश कुमार की टीम ने की। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया।
महिला ने दुकान पर कब्जे की शिकायत दी थी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वार्ड नंबर 11 कलायत निवासी महिला चमेली देवी ने शिकायत में बताया था कि रेलवे रोड कलायत पर शिक्षा भारती स्कूल के पास उसकी दुकान है। महिला के अनुसार उसने वर्ष 2005 में यह दुकान खरीदी थी और दुकान की रजिस्ट्री, इंतकाल, जमाबंदी, प्रॉपर्टी आईडी तथा बिजली कनेक्शन उसके नाम पर हैं।
महिला ने दुकान में अपना सामान रखकर ताला लगाया हुआ था। शिकायत के अनुसार कुछ दिन पहले किसी व्यक्ति ने दुकान का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया था। बाद में महिला ने वह ताला हटाकर अपना ताला लगा दिया।
19 जून को ताला तोड़कर सामान बाहर फेंकने का आरोप
पुलिस के मुताबिक 19 जून 2026 को कलायत निवासी प्रवीन शर्मा उर्फ डुली, सतबीर उर्फ सोनू रबारी, पिंजुपुरा निवासी सलीम खान और कलायत निवासी राकू राणा ने कथित तौर पर दुकान पर कब्जा करने की नीयत से उसका ताला तोड़ दिया।
आरोप है कि आरोपियों ने दुकान के अंदर रखा सामान बाहर फेंक दिया और अपना ताला लगा दिया। शिकायत के आधार पर थाना कलायत में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
कातिलाना हमले के मामले में जेल में बंद थे दोनों आरोपी
पुलिस ने बताया कि सलीम खान और राकेश उर्फ राकू पहले से एक कातिलाना हमले के मामले में जिला जेल में बंद थे। इसी मामले में दोनों को अदालत के आदेशानुसार प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कमजोर लोगों के प्लॉट पर जबरन कब्जा करने, जबरन वसूली, धोखाधड़ी सहित अन्य वारदातों को अंजाम देने वाला कथित संगठित गिरोह चला रहे थे। पुलिस के अनुसार दुकान पर कब्जा करने की उक्त वारदात में भी दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *