“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल: जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री श्याम सिंह राणा ने सुनीं जनसमस्याएं, 7 शिकायतों का मौके पर निपटारा, राशन गबन मामले में FIR के आदेश

कैथल, 29 जुलाई। हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को आरकेएसडी कॉलेज सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। बैठक में कुल 12 शिकायतों (7 पुरानी और 5 नई) पर सुनवाई की गई, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में जांच के निर्देश देकर अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

राशन गबन मामले में डिपो होल्डर के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश

बैठक के दौरान गांव हरिपुरा के सुरेंद्र कुमार व अन्य द्वारा राशन डिपो संचालक पर 80 से 90 परिवारों का कई महीनों का राशन गबन करने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। मंत्री श्याम सिंह राणा ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित डिपो होल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

ग्रीन बेल्ट विवाद की होगी जांच

सेक्टर-19 पार्ट-1 के निवासियों ने एचएसवीपी द्वारा 30 वर्षों से पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित नहीं किए जाने की शिकायत रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने एडीसी डॉ. सुशील कुमार की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की, जिसमें एचएसवीपी के ईओ और गैर-सरकारी सदस्य शक्ति सिंह सौदा को भी शामिल किया गया।

इन मामलों का हुआ समाधान

बैठक में कई लंबित शिकायतों का समाधान किया गया। इनमें बालू गांव की जमीन विवाद शिकायत, सेक्टर-21 के एचएसवीपी प्लॉट से जुड़ा मामला, निजी स्कूल द्वारा छात्रा को परीक्षा से वंचित करने की शिकायत, गांव पाई में अवैध ट्यूबवेल कनेक्शन तथा डीएवी कॉलोनी में सीवर लीकेज से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं।

डीएवी कॉलोनी की शिकायत में जनस्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सीवर समस्या का समाधान कर दिया गया है। वहीं मकान को हुए नुकसान के संबंध में मंत्री ने बीपीएल परिवार को उपलब्ध सरकारी सहायता योजना के तहत मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

नई शिकायतों पर दिए आवश्यक निर्देश

नई शिकायतों में जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी, मजदूरी के ₹82,000 के भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि, बायोमीट्रिक फिंगरप्रिंट के कारण राशन न मिलने तथा अन्य मामलों पर सुनवाई हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

बैठक के अंत में मंत्री श्याम सिंह राणा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समिति सदस्य और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *