“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पेट्रोल पंप संचालकों और ज्वेलर्स के साथ की सुरक्षा बैठक, CCTV व सुरक्षा मानकों पर दिया जोर

कैथल, 23 जून। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पेट्रोल पंपों एवं आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों, ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने अपराध की बदलती प्रवृत्तियों और वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और ज्वेलरी प्रतिष्ठान संवेदनशील श्रेणी में आते हैं, जहां नकदी और कीमती सामान की अधिकता के कारण अपराधियों की नजर रहती है। ऐसे में सुरक्षा उपायों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

एसपी ने सभी पेट्रोल पंपों और ज्वेलरी दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे (CCTV Cameras) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरों की रिकॉर्डिंग स्पष्ट होनी चाहिए तथा लंबे समय तक सुरक्षित रखी जानी चाहिए। साथ ही डीवीआर और एनवीआर जैसे स्टोरेज उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए ताकि किसी आपराधिक घटना के दौरान उन्हें नुकसान न पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कैमरों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्डिंग आसानी से उपलब्ध हो सके। बैठक के दौरान एसपी ने ज्वेलर्स एसोसिएशन और पेट्रोल पंप संचालकों की समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी सुझावों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस और व्यापारिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों की रोकथाम और किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकती है। उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अपने नजदीकी थाना और पुलिस चौकी के संपर्क नंबर सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अज्ञात व्यक्ति की आवाजाही या आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Keywords: Kaithal News, SP Manpreet Singh Sudan, Kaithal Police, CCTV Security, Petrol Pump Security, Jewellers Association Kaithal, Crime Prevention, Security Meeting Kaithal, Haryana Police News, Kaithal Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *