“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल बना सड़क सुरक्षा शिक्षा का मॉडल, जुलाई से सभी विद्यालयों में लागू होगी खेल आधारित जागरूकता पहल


कैथल, 3 जुलाई। सड़क सुरक्षा शिक्षा के क्षेत्र में कैथल ने एक नई मिसाल पेश की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में जिले के सभी विद्यालयों में जुलाई माह से खेल आधारित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम लागू किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोरंजक और सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी देना तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार विकसित करना है।
इस नवाचार के तहत हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार चावला द्वारा विकसित विशेष शिक्षण सामग्री, जिसमें “सड़क सुरक्षा साँप-सीढ़ी खेल”, गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री और सहभागितापूर्ण अभ्यास शामिल हैं, का उपयोग सभी विद्यालयों में किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा, ट्रैफिक संकेतों की जानकारी, पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
जुलाई माह से जिले के सभी विद्यालयों में इस कार्यक्रम का चरणबद्ध क्रियान्वयन किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलों और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से शुरू की गई यह पहल कैथल को सड़क सुरक्षा शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *