कैथल, 14 सितंबर 2026। कैथल पुलिस के पीओ पकड़ो स्टाफ ने पीओ (Proclaimed Offender) और बेल जंपरों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग दो मामलों में एक घोषित भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गदली पट्टी, कैथल निवासी दीपक उर्फ मंदीप के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार पीओ और बेल जंपरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पीओ पकड़ो स्टाफ प्रभारी एसआई ओमप्रकाश की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पहला मामला: आरोपी दीपक उर्फ मंदीप पर 22 मई 2023 को पाडला रोड, कैथल स्थित एक प्लाट से सबमर्सिबल मोटर और स्टार्टर चोरी करने का आरोप है। इस संबंध में थाना शहर कैथल में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी न्यायालय से जमानत मिलने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद माननीय न्यायालय ने 15 अक्टूबर 2024 को आरोपी को पीओ घोषित कर दिया था। इस मामले में आरोपी को एएसआई महा सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया।
दूसरा मामला: आरोपी पर 8 जुलाई 2021 को चिरंजीव कॉलोनी, कैथल स्थित एक मकान से आभूषण और नकदी चोरी करने का भी आरोप है। इस मामले में भी थाना शहर कैथल में केस दर्ज है। आरोपी जमानत मिलने के बाद न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ, जिसके चलते माननीय न्यायालय ने उसे 6 जून 2025 को पीओ घोषित किया था। इस मामले में आरोपी को एएसआई राजकुमार की टीम ने गिरफ्तार किया।
कैथल पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दोनों मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Leave a Reply