

कैथल, 6 जुलाई। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान को लेकर उपायुक्त (DC) अपराजिता ने सोमवार को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) और कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को समय पर प्रगणक पत्र (Enumeration Form) भरकर बीएलओ (BLO) के पास जमा कराने के लिए जागरूक करें।
14 जुलाई के बाद स्वीकार नहीं होंगे प्रगणक पत्र
डीसी अपराजिता ने स्पष्ट किया कि 14 जुलाई के बाद कोई भी प्रगणक पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल यह सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र जमा करें। यदि कोई मतदाता समय पर प्रगणक पत्र जमा नहीं करता है तो उसका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल होने में कठिनाई आ सकती है।
राजनीतिक दलों ने उठाए सवाल, प्रशासन ने दिए समाधान
बैठक में इनेलो, जेजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। डीसी अपराजिता ने सभी प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
6.07 लाख से अधिक प्रपत्र हुए डिजिटाइज
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ घर-घर जाकर वितरित किए गए प्रगणक पत्र वापस एकत्र कर रहे हैं। अब तक 6,07,250 प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं और यह प्रक्रिया 14 जुलाई तक जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने वाले मतदाताओं की सूची भी तैयार की जा रही है। अब तक ऐसे 34,435 मतदाताओं की पहचान की जा चुकी है।
राजनीतिक दलों से बीएलओ के साथ समन्वय की अपील
डीसी अपराजिता ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बीएलओ से संपर्क कर इन सूचियों का अवलोकन करें और यदि किसी मतदाता से संबंधित तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध हो तो समय रहते प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।
राजनीतिक दलों ने की प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना
बैठक के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिला प्रशासन एसआईआर अभियान को पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी इस अभियान में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि बैठक में उठाई गई जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए डीसी द्वारा तत्काल निर्देश दिए जाने से प्रक्रिया और अधिक सुचारु होगी।
बैठक में एडीसी सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



Leave a Reply