

कैथल, 22 जून। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में जिला जेल कैथल के सहयोग से जिला कारागार कैथल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग अभ्यास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 450 कैदियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
यह कार्यक्रम जिला जेल अधीक्षक अशोक कुमार तथा जेल उप-अधीक्षक शैलाक्षी भारद्वाज की देखरेख में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, स्वास्थ्य में सुधार आता है और व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं। योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का अभिन्न अंग बताते हुए उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान आयुष योग सहायक सतीश कुमार ने कैदियों और कर्मचारियों को योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को समझा।
जिला कारागार कैथल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।


Leave a Reply