“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

HTET 2026: कैथल में 17 परीक्षा केंद्रों पर 4 व 5 जुलाई को होगी परीक्षा, 9,943 अभ्यर्थी होंगे शामिल


कैथल, 1 जुलाई। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन 4 और 5 जुलाई को कैथल जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि जिले में कुल 9,943 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकल रहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों को परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
HTET 2026 परीक्षा कार्यक्रम
डीसी ने बताया कि 4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 (PGT) की परीक्षा होगी, जिसमें 3,173 अभ्यर्थी 10 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे।
5 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में लेवल-2 (TGT) की परीक्षा में 5,392 अभ्यर्थी 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। वहीं सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (PRT) की परीक्षा में 1,378 अभ्यर्थी पांच परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे।
सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम
डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धारा-163 लागू, 200 मीटर क्षेत्र में प्रतिबंध
एचटेट परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए 4 और 5 जुलाई को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-163 लागू रहेगी।
इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी तथा पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *