हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम
कैथल, 13 मई 2026: भिवानी शिक्षा बोर्ड द्वारा 13 मई को घोषित किए गए 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करते हुए एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की कुल 156 छात्राओं ने परीक्षा दी और सभी छात्राओं ने शानदार अंकों के साथ सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
मेडिकल संकाय में छात्रा साइना ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। हर्षिता ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा सिमरन ने 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नॉन मेडिकल संकाय में वंशिका ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। पूजा ने 91.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और ज्योति ने 89.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कॉमर्स संकाय में माही ने 96.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनु ने 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आर्ट्स संकाय में जानवी ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। मीनू ने 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रतिमा ने 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। निकिता और ईशा ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान साझा किया।
विद्यालय की छात्राओं ने विषयवार भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। कंप्यूटर साइंस विषय में 19 छात्राओं ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। वहीं भूगोल विषय में तीन छात्राओं तथा हिंदी विषय में एक छात्रा ने पूर्णांक हासिल किए।
विद्यालय की 39 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 134 छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान सुनील चौधरी, मैनेजर अनिल चौधरी, फाइनेंस सेक्रेटरी योगेश चौधरी, एडवाइजर भूपेंद्र चौधरी तथा हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैनेजर पीयूष चौधरी ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका कौशिक ने सभी छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में शिक्षकों और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


Leave a Reply