हिमाचल के पत्रकारों को मिलेगी 10-10 लाख रुपये की मुफ्त एक्सीडेंटल पॉलिसी, 9 जून को शिमला में होगा लॉन्च
चंडीगढ़: मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) उत्तर भारत की हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा 9 जून 2026 को शिमला में पत्रकार कल्याण, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों के लिए 10-10 लाख रुपये की मुफ्त एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी की लॉन्चिंग एवं वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन शिमला स्थित होटल हॉली डे होम में किया जाएगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान और शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि यह पहल संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी संजय भूटानी के प्रयासों से संभव हो रही है। कार्यक्रम के संयोजक हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विशाल सूद होंगे।
संगठन के महासचिव डॉ. सुरेंद्र मेहता ने बताया कि मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन पिछले पांच वर्षों से पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है। संगठन पत्रकारों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस, टर्म इंश्योरेंस, एक्सीडेंटल इंश्योरेंस, कानूनी सहायता और तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने बताया कि पत्रकारिता आज एक चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा पेशा बन चुकी है। ऐसे में पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ संगठन विभिन्न राज्यों में पत्रकारों को सुरक्षा कवच प्रदान करने का कार्य कर रहा है।
एमडब्ल्यूबी देश की पहली ऐसी संस्था है जो पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा प्रदान कर रही है। संस्था के अनुसार पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में यह अभियान लगातार विस्तार पा रहा है और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत के महासचिव डॉ. सुरेंद्र मेहता, कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, उपाध्यक्ष पवन चोपड़ा, संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी भी भाग लेंगे।








Leave a Reply