हरियाणा के 582 सरकारी स्कूलों की बाउंड्री वॉल होगी दुरुस्त, शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट
चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय, पंचकूला ने प्रदेश के 582 सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की बाउंड्री वॉल की मरम्मत को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) से विस्तृत रिपोर्ट और लागत अनुमान मांगा है।
निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) से प्राप्त सूची की समीक्षा के दौरान पाया गया कि सैकड़ों विद्यालयों में बाउंड्री वॉल की मरम्मत की आवश्यकता है, लेकिन मरम्मत कार्य की अनुमानित लागत का विवरण उपलब्ध नहीं है। इसी कारण अब संबंधित स्कूलों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जा रही है।
विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित स्कूलों की स्थिति, जियो टैगिंग और अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित पूरी रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर उपलब्ध करवाई जाए, ताकि मरम्मत कार्य की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जा सके।
शिक्षा विभाग के अनुसार प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर हरियाणा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बाउंड्री वॉल मरम्मत की अनुमानित लागत तैयार की जाएगी। इसके बाद आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान कर कार्य शुरू किया जाएगा।
निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में मरम्मत कार्य की लागत एक लाख रुपये से कम है और कंसोलिडेटेड चाइल्ड वेलफेयर फंड (सीसीडब्ल्यूएफ) में पर्याप्त राशि उपलब्ध है, वहां मरम्मत कार्य इसी फंड से कराया जा सकता है। यदि फंड उपलब्ध नहीं होगा तो संबंधित प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जाएगा।
गर्मी की छुट्टियों के दौरान स्कूलों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा।










Leave a Reply