“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

ग्योंग स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम बताए


कैथल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ग्योंग में NCORD (National Narcotics Coordination Portal) गतिविधियों के तहत नशा मुक्ति अभियान को लेकर विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बीड़ी, सिगरेट, शराब, तंबाकू तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशा समाज और देश के विकास में बड़ी बाधा है। युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों के जाल से बचाकर स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक बनाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
जागरूकता रैली का संयोजन एवं संचालन NCORD गतिविधि के नोडल अधिकारी अनूप धीमान के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
नोडल अधिकारी अनूप धीमान ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी मिल सके और वे समाज में भी जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
तख्तियां और बैनर लेकर गांव में निकली जागरूकता रैली
रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियां और बैनर हाथों में लेकर गांव के विभिन्न रास्तों एवं सार्वजनिक स्थलों से गुजरते हुए लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए ग्रामीणों से बीड़ी, सिगरेट, शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों का सेवन छोड़ने का आह्वान किया।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *