“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गणना फॉर्म नहीं मिला तो तुरंत बीएलओ से करें संपर्क, टोल-फ्री 1950 पर भी मिलेगी सहायता: डीसी अपराजिता


कैथल, 30 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपराजिता ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी मतदाता को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अभी तक गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह बिना देरी अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें। इसके अलावा संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के कार्यालय या चुनाव आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी सहायता ली जा सकती है।
डीसी अपराजिता ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे सुनिश्चित करें कि उन्हें गणना फॉर्म प्राप्त हो और निर्धारित समय सीमा के भीतर सही जानकारी के साथ उसे भरकर जमा करें।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे फॉर्म पर अपनी नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करें, निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर करें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसे तुरंत अपने बीएलओ के पास जमा करवाएं। समय पर फॉर्म जमा करने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी होगी और कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा।
डीसी ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार, पड़ोस और अन्य पात्र मतदाताओं को भी समय रहते गणना फॉर्म भरकर जमा करवाने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *