“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

क्रूड ऑयल सस्ता होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही केंद्र सरकार : अभय चौटाला

क्रूड ऑयल सस्ता होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही केंद्र सरकार : अभय चौटाला

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद आम जनता को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा है।

अभय चौटाला ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें 115 से 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, तब केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया था। लेकिन अब जब कच्चे तेल की कीमतें घटकर लगभग 88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गई हैं, तब भी सरकार ईंधन की कीमतों में राहत देने को तैयार नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी कर लगाकर राजस्व बढ़ाने में लगी हुई है, जबकि आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रही है। उन्होंने इसे सरकार की जन-विरोधी नीतियों का उदाहरण बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।

रुपया कमजोर, महंगाई मजबूत

इनेलो प्रमुख ने कहा कि डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है, जिससे आयात महंगा होता जा रहा है। इसका असर बाजार में वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है तथा जीडीपी विकास दर भी संतोषजनक स्तर पर नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवार सरकार की आर्थिक नीतियों की सबसे अधिक मार झेल रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कारण लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो चुका है।

पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और गैस के दाम घटाने की मांग

अभय चौटाला ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कटौती करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों पर लगाए गए अत्यधिक करों को कम कर आम जनता को राहत दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो यह साबित हो जाएगा कि बीजेपी सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों के हितों की रक्षा कर रही है, जबकि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर बीजेपी सरकार की नीतियों का लगातार विरोध करती रहेगी और महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *