“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

चनौत गांव की पेयजल समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, 6 इंच पाइपलाइन की मांग


कैथल, 3 जुलाई। चनौत गांव में लंबे समय से बनी गंभीर पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) हरियाणा और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पेयजल संकट के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अब इसका स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि खानपुर वाटर वर्क्स से हांसी जाने वाली 36 इंच की मुख्य पाइपलाइन से चनौत गांव के लिए 6 इंच का अलग कनेक्शन दिया जाए। साथ ही गांव की जलापूर्ति योजना को अमृत-2 योजना के तहत शामिल कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में पेयजल संकट पूरी तरह समाप्त हो सके।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि गांव में पिछले करीब 50 दिनों से ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान पानी की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे, ताकि चनौत गांव की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *