“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पट्टी अफगान खेल स्टेडियम की बदहाल स्थिति पर सांसद नवीन जिंदल का औचक निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश

स्टेडियम की बदहाल स्थिति देख सांसद नवीन जिंदल ने लिया संज्ञान, जल्द सुधार के दिए निर्देश

📍 कैथल | 🗓️ Updated: 18 April 2026
पट्टी अफगान खेल स्टेडियम का औचक निरीक्षण कर सांसद ने खिलाड़ियों की समस्याएं सुनीं, खुद वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजा।

कैथल, 18 अप्रैल: सांसद नवीन जिंदल ने कलायत से चीका जाते समय श्री गुरु गोविंद सिंह खेल स्टेडियम पट्टी अफगान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे खिलाड़ियों और युवाओं से मुलाकात करके उनकी समस्याएं सुनीं।

प्रैक्टिस कर रही महिला खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम में शौचालय की भारी कमी है। साफ-सफाई करने के लिए उनके पास उपकरण तक नहीं हैं। यहां तक कि खेलों का सामान भी उपलब्ध नहीं है। स्टेडियम की बिल्डिंग खस्ता हालत में है और सुरक्षा के लिए कोई सिक्योरिटी गार्ड या चौकीदार भी नहीं है। बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट की भी सुविधा नहीं है, वहीं पीने के स्वच्छ पानी की भी कमी है।

सांसद नवीन जिंदल ने खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “आपका भाई आपके बीच है, आप सांसद की बजाय भाई समझकर अपनी बात रख सकते हैं।” उन्होंने कहा कि जल्द ही स्टेडियम में जिम का सामान उनकी ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्री, पीने का पानी और छोटे उपकरण भी शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जो व्यवस्थाएं सरकार के स्तर पर होनी हैं, उनके लिए उन्होंने मौके पर ही अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर खेल विभाग के अधिकारियों को भेजा है, ताकि जल्द से जल्द सुधार किया जा सके।

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल हैं और यदि खेल सुविधाएं बेहतर होंगी तो देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरव हासिल करेगा। उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और स्टेडियम को बेहतर बनाने में जुट जाएं।

इस दौरान बच्चों ने सांसद के साथ सेल्फी भी ली। सांसद ने भी बच्चों के साथ फोटो खिंचवाते हुए उन्हें बड़े होकर देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

युवा अमित, देवेंद्र, अंकित व प्रेरणा आदि ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि कोई नेता उनके बीच आकर उनकी समस्याएं सुनेगा। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल इतनी बड़ी हस्ती होने के बावजूद जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी सभी मांगें जल्द पूरी की जाएंगी। उन्होंने इसके लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।

More News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *