नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार फसल का दाना-दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध : सांसद नवीन जिन्दल
📍 कलायत | 🗓️ Updated: 18 April 2026
मंडी दौरे के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने किसानों से बातचीत कर खरीद प्रबंधों का जायजा लिया और महिलाओं के अधिकारों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
कलायत, 18 अप्रैल: सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया 31वां संशोधन बिल पास ना होना विपक्ष की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूरे विपक्ष ने एकजुट होकर देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इरादे इतने मजबूत हैं कि इस बिल को दोबारा प्रस्तुत करके महिलाओं को उनका सम्मान हर हाल में दिलाया जाएगा।
सांसद नवीन जिन्दल कलायत अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने मंडी में किसानों से बातचीत करके गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार फसल का दाना-दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में पारदर्शिता लाने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम सहित कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। इसका उद्देश्य यही है कि सरकार किसानों के हित में जो योजनाएं लेकर आ रही है, उनमें कोई भ्रष्टाचार ना हो और सीधा लाभ किसानों को मिले।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आई क्रांति के कारण पैदावार लगातार बढ़ती जा रही है। तकनीकी खेती और उन्नत बीजों से फसल की पैदावार अधिक हो रही है। ऐसे में मंडियों में जगह कम पड़ रही है। उन्होंने कहा कि वे विचार करेंगे कि विदेशों में फसलों को कैसे मैनेज किया जाता है ताकि यहां भी इसी तरह की छोटी-छोटी व्यवस्थाएं लागू करके फसल को स्टोर करके खराब होने से बचाया जा सके।
खेलों को लेकर सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए हुए हैं कि जहां-जहां स्टेडियम हैं उनकी पहचान करके रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि इस सरकार के संज्ञान में लाकर इन स्टेडियमों को खिलाड़ियों के खेलने लायक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने का एकमात्र जरिया केवल खेल हैं।
इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी बताया कि दिशा मीटिंग में अधिकारियों को जो टारगेट दिया जाता है, अगली बैठक में वे स्वयं इसकी समीक्षा लेते हैं। यदि कोई अधिकारी गुमराह करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि सरकार अपना काम ईमानदारी से कर रही है, लेकिन कुछ लोग किसानों को भ्रमित करके माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल और केवल किसान और उसके हित हैं।
इस अवसर पर उनके साथ तुषार ढाण्डा, राजकिशन राणा मार्केट कमेटी चेयरमैन कलायत, अंकित राणा नगरपालिका चेयरमैन कलायत, सचिन प्रतिनिधि चेयरमैन नगरपालिका राजौंद, विरेन्द्र राविश मार्केट कमेटी चेयरमैन राजौंद, राजीव राणा मंडल अध्यक्ष कलायत, नरेंद्र जुलानी खेड़ा मंडल अध्यक्ष बालू, अनिल मलिक मंडल अध्यक्ष जाखौली, नरेश ढांडा किठाना, मैनपाल राणा, राकेश कंसल, सरपंच अशोक रामगढ़, कुड़ा राम, कुलविंदर राणा जिला उपाध्यक्ष भाजपा, राहुल राणा, जयदीप राणा कलायत, सुमन राणा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न गांवों के सरपंच-पंच और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















Leave a Reply