कैथल। जिले में अवैध शराब निकालने और बेचने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजौंद पुलिस ने गांव तारागढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक मकान के पशुओं के बरामदे में चल रही अवैध शराब की भट्ठी का खुलासा करते हुए मौके से 40 बोतल नाजायज शराब और 100 लीटर लाहन बरामद किया है। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना राजौंद पुलिस के एचसी आशीष की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव तारागढ़ निवासी सुभाष पुत्र कृष्ण सिंह अपने घर में भैंसों के बरामदे में अवैध शराब की भट्ठी चलाकर शराब निकालने का काम करता है।
पुलिस को देखकर मौके से फरार हुआ आरोपी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव तारागढ़ में आरोपी के मकान पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी भैंसों के बरामदे में अवैध शराब की भट्ठी चलाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके की जांच की तो वहां से 40 बोतल नाजायज शराब और 100 लीटर लाहन बरामद हुआ।
शराब बनाने के उपकरण भी किए जब्त
पुलिस टीम ने मौके से दो गैस सिलेंडर, चलती हुई भट्ठी का यंत्र, लोहे के तीन तसले और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी सुभाष के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे गैरकानूनी कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

