
पुलिस शहीदी स्मृति दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्लॉक पिस्टल, AK-47, SLR और रिवॉल्वर सहित कई हथियारों का किया गया प्रदर्शन
कैथल, 30 अक्टूबर। पुलिस शहीदी स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में कैथल पुलिस द्वारा 21 से 31 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में शुक्रवार को पुलिस लाइन कैथल में हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन ने हिस्सा लिया तथा पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न हथियारों को नजदीक से देखा।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि कैथल पुलिस की शस्त्रागार शाखा की ओर से पुलिस लाइन में शहीदों की स्मृति में इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों की जानकारी देना तथा पुलिस शहीदों के बलिदान को याद करना था।
प्रदर्शनी में दिखाए गए कई प्रकार के हथियार
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि प्रदर्शनी में पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ग्लॉक पिस्टल, 9 एमएम पिस्टल, .38 बोर रिवॉल्वर, AK-47, SLR और थ्री नॉट थ्री सहित विभिन्न हथियार प्रदर्शित किए गए। स्कूली बच्चों और आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर हथियारों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर पुलिस लाइन प्रबंधक इंस्पेक्टर दर्पण, केएचसी एएसआई कृष्ण, आर्मोरर एएसआई राजेश कुमार, सीडीआई एएसआई अजय, वेलफेयर ब्रांच से एएसआई विकास कुमार, पुलिस लाइन एमएचसी कपिल सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
शहीद पुलिस जवानों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान
एसपी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस शहीदी दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर तक पुलिस विभाग की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी को अमर शहीदों के जीवन और उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। पुलिस के वीर शहीदों का बलिदान पुलिस विभाग और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

