कैथल: सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। साइबर अपराधी फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदिग्ध लिंक, अनजान मैसेज और निजी जानकारी का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी, ब्लैकमेलिंग और अन्य साइबर अपराधों का शिकार बना रहे हैं। इसे देखते हुए कैथल के पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। अपने सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड मजबूत रखें और समय-समय पर बदलते रहें। अकाउंट को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (Two-Factor Authentication) का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक, अनजान मैसेज या आकर्षक ऑनलाइन स्कीम पर बिना जांच-पड़ताल के क्लिक न करें। अपनी निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा करने से भी बचें। सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए।
बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें अभिभावक
एसपी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। बच्चों को समझाएं कि वे किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत न करें और न ही उसके साथ अपनी निजी फोटो, वीडियो या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी, धमकी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक पोस्ट से संबंधित कोई घटना होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवाए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का जिम्मेदार और सुरक्षित इस्तेमाल व्यक्ति की निजता और प्रतिष्ठा की रक्षा करने के साथ-साथ साइबर अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कैथल एसपी ने आमजन से अपील की कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


