कैथल, 26 अक्टूबर 2026। हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 54 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त और 37.77 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इसके अलावा नशा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक, एक स्विफ्ट कार और एक बाइक को भी जब्त किया गया है।
कैथल पुलिस की यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्त जिला अभियान के तहत की गई। डीएसपी सुशील प्रकाश ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।
1. ट्रक से 54 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त बरामद
कलायत सीआईए प्रभारी एएसआई मनीष के नेतृत्व में पीएसआई सौरभ की टीम किसान चौक कलायत के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव मंडवाल निवासी सतनाम ट्रक में नशीला पदार्थ लेकर एनएच-152 के रास्ते गांव की ओर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस अड्डा पिंजुपुरा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक नंबर HR 45D 2499 को रोक लिया। ट्रक चालक की पहचान गांव मंडवाल निवासी सतनाम के रूप में हुई।
मौके पर पहुंचे डीएसपी बीर भान की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक के कैबिन में रखे चार प्लास्टिक कट्टों से कुल 54 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। थाना कलायत में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक जब्त कर लिया गया।
2. स्विफ्ट कार से 25.2 ग्राम हेरोइन बरामद
दूसरे मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुढ़ाखेड़ा से नंद सिंह वाला सड़क पर नाकाबंदी की।
इस दौरान बुढ़ाखेड़ा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकवाया गया। जांच के दौरान गांव नंदगढ़ निवासी सुखबीर सिंह को काबू किया गया। तलाशी लेने पर कार में रखे पॉलीथिन से 25.2 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने थाना सदर में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा नशा तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया।
3. ट्रांसपोर्ट नगर में दो युवक गिरफ्तार, 6.23 ग्राम चिट्टा मिला
तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कैथल के ट्रांसपोर्ट नगर में दबिश दी।
पुलिस ने बाइक पर बैठे दो संदिग्ध युवकों को काबू किया। उनकी पहचान अमरगढ़ गामड़ी, कैथल निवासी मनोज कुमार और अर्जुन नगर, कैथल निवासी गौरव के रूप में हुई।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से एक पॉलीथिन में 6.23 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। थाना शहर में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
4. चीका में मकान पर दबिश, 6.34 ग्राम हेरोइन बरामद
एक अन्य मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एसआई बलराज सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चीका की इंद्रा कॉलोनी निवासी सतीश के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने सतीश उर्फ बंबू को काबू किया।
नायब तहसीलदार गुहला बलराज सिंह की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन में 6.34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने थाना चीका में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश होंगे सभी आरोपी
कैथल पुलिस के अनुसार, चारों मामलों में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों से नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए कार्रवाई जारी है।





