“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 59वीं हरियाणा स्कूल स्टेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, बॉक्सिंग और सॉफ्टबॉल में रोमांचक मुकाबले


कैथल। 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत लड़कियों की बॉक्सिंग एवं सॉफ्टबॉल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देकर किया। प्रतियोगिताएं एईओ रमेश चहल एवं एईईओ कुलदीप शर्मा की देखरेख में आयोजित की जा रही हैं।
एईओ रमेश चहल ने बताया कि अंडर-17 बॉक्सिंग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में जींद की मन्नत ने रोहतक की सिमरन को हराया। 42 किलोग्राम में झज्जर की नियति ने करनाल की खुशी को पराजित किया। 44 किलोग्राम में गुरुग्राम की तन्वी ने अंबाला की सोनाली को शिकस्त दी। 48 किलोग्राम में सोनीपत की दिशा ने पंचकूला की इस्साना को हराया।
इसी प्रकार 50 किलोग्राम भार वर्ग में गुरुग्राम की कविता ने झज्जर की इशिका को पराजित किया। 52 किलोग्राम में हिसार की यशिका ने चरखी दादरी की संवि को हराया, जबकि 54 किलोग्राम भार वर्ग में रेवाड़ी की साक्षी ने रोहतक की पायल को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सॉफ्टबॉल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 सॉफ्टबॉल वर्ग में अंबाला ने सिरसा, रोहतक ने भिवानी, फतेहाबाद ने पंचकूला तथा जींद ने कुरुक्षेत्र को हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में फतेहाबाद ने अंबाला को पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया।
अंडर-17 सॉफ्टबॉल में जींद ने पानीपत, फतेहाबाद ने कैथल, झज्जर ने हिसार तथा फरीदाबाद ने पंचकूला को हराया। सेमीफाइनल में फतेहाबाद ने फरीदाबाद को पराजित कर अगले चरण में जगह बनाई।
वहीं अंडर-19 सॉफ्टबॉल में कैथल ने झज्जर को हराया। रोहतक ने पहले सिरसा और उसके बाद फरीदाबाद को पराजित करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
खिलाड़ियों के लिए कैथल में लगाया गया निशुल्क भोजन स्टॉल
प्रतियोगिता के दौरान कैथल जिले के शिक्षा विभाग और खेल विभाग के शारीरिक शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों की विशेष पहल भी देखने को मिली। उनके द्वारा हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों और उनके इंचार्ज के लिए निशुल्क भोजन स्टॉल लगाया गया है। इस पहल की प्रतिभागियों और इंचार्जों द्वारा सराहना की जा रही है। इससे खिलाड़ियों को भोजन के लिए होटल और ढाबों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
इससे पहले 5 सितंबर को आयोजित स्कूल स्टेट जूडो प्रतियोगिता के दौरान भी खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था के साथ देशी घी की जलेबी तैयार करवाई गई थी। खिलाड़ियों और इंचार्जों ने जलेबी का आनंद लिया।
आयोजन में इन लोगों का रहा सहयोग
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में लेक्चरर फिजिकल अशोक कुमार, मुख्य अध्यापक विजय कुमार, नरेश बनवाला, घनश्याम शर्मा, विक्रम ढुल, बलवान सिंह सेगा, प्रवीण शर्मा, देवेंदर सिंह, हकीकत राय और रविंद्र भट्टी ने सहयोग प्रदान किया।
निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने भी प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दूसरे दिन प्रतियोगिता स्थलों पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *