“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने मांगों को लेकर दिया ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

कैथल, 17 सितंबर 2026। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन रजिस्टर्ड नंबर 41, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, जिला कैथल की ओर से राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के तीनों विभागों के अधीक्षक अभियंताओं के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान दलबीर सिंह ने की, जबकि मंच संचालन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान ओमपाल भाल ने किया। प्रदर्शन में यूनियन के राज्य उपप्रधान राजेश धनखड़, राज्य कैशियर राहुल हुड्डा और राज्य कमेटी सदस्य कपिल राणा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार पर अनदेखी का आरोप

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है, जिसके चलते कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से आंदोलन के माध्यम से संबंधित विभागों के मंत्रियों के साथ मांगों को लेकर वार्ता भी की गई थी।

नेताओं के अनुसार, सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री रणवीर सिंह गंगवा के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर बातचीत हुई, लेकिन अभी तक मांगों के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उन्हें केवल आश्वासन मिले हैं।

मांगों का ज्ञापन अधीक्षक अभियंताओं के माध्यम से सरकार को भेजा

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि फरीदाबाद में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब पीडब्ल्यूडी के तीनों भागों के कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन सभी अधीक्षक अभियंताओं के माध्यम से सरकार को भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं करती है तो पीडब्ल्यूडी के तीनों विभागों के कर्मचारी व्यापक आंदोलन शुरू करने की तैयारी करेंगे। राज्य कमेटी की ओर से सभी जिलों में बैठकें आयोजित कर आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

सैकड़ों कर्मचारियों ने लिया प्रदर्शन में हिस्सा

प्रदर्शन में जिला चेयरमैन पृथ्वी सिंह, उपप्रधान कर्म सिंह नैन, जिला सहसचिव सुरेश कुमार, कुरुक्षेत्र जिला से ओमप्रकाश व साहिल कुमार, ब्रांच नंबर-1 के प्रधान शिवदत्त शर्मा, सचिव सुरेश कुमार, ब्रांच नंबर-2 के प्रधान बलवीर सिंह, सचिव रघबीर सिंह और कोषाध्यक्ष गुरमेल सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा कलायत ब्रांच के प्रधान सुनील कुमार बुरा व कैशियर चंद्रपाल, चीका ब्रांच के प्रधान विक्रम सिंह व सचिव बीरबल सिंह, पूंडरी के प्रधान सोमदत्त शर्मा व सुमित कुमार, सीवन के प्रधान रामचंद्र व सचिव राधा किशन, सिंचाई विभाग से जसबीर सिंह सहित कैथल और कुरुक्षेत्र के सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *