कैथल, 12 सितंबर। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कैथल जिला पुलिस ने 9 सितंबर से 12 सितंबर तक विशेष ऑपरेशन प्रहार चलाया। पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंगल के आदेश और एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशानिर्देशों में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
जिलेभर में लगाए गए 18 विशेष नाके
डीएसपी कैथल रमेश चंद्र ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार को प्रभावी बनाने के लिए जिलेभर में 18 विशेष नाके लगाए गए। अभियान में सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों और क्यूआरटी टीमों को शामिल किया गया।
पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार नाकाबंदी और वाहनों की गहन चेकिंग की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बिना नंबर प्लेट के 121 चालान, 985 कुल चालान
विशेष अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के 121 चालान किए गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 985 चालान किए गए और 476 वाहनों को इंपाउंड किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
चोरीशुदा 4 बाइक भी बरामद
ऑपरेशन प्रहार के दौरान पुलिस को चोरीशुदा वाहनों के खिलाफ भी सफलता मिली। चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश की टीम ने दो आरोपियों के कब्जे से 4 चोरीशुदा बाइक बरामद कीं।
जांच में सामने आया कि इनमें से एक बाइक नरवाना, जिला जींद से चोरी की गई थी, जबकि तीन बाइक पंजाब से चोरी होना पाया गया।
हेलमेट और नंबर प्लेट लगाने की अपील
जिला पुलिस ने कैथलवासियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट जरूर लगवाएं। वाहन चालकों को अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने तथा सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।
पुलिस ने अभिभावकों से विशेष रूप से कहा है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क हादसों को रोकना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
कैथल जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।



Leave a Reply