पूंडरी और बाता में चोरी का वांछित आरोपी
कैथल, 7 अगस्त। जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूंडरी और बाता क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया गया है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए रात के समय गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टोहाना निवासी राहुल उर्फ बच्ची अवैध पिस्टल के साथ बाता-चोशाला रोड पर मौजूद है और पूंडरी व बाता क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं में वांछित है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी ने दोबारा पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल उर्फ बच्ची 2 अगस्त की रात बाता बस अड्डा के पास स्थित पांच दुकानों में हुई चोरी तथा 28 जुलाई की रात पूंडरी में एक ही रात में नौ दुकानों में हुई सेंधमारी के मामलों में वांछित था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में डकैती, स्नैचिंग और चोरी के करीब 15 मामले दर्ज हैं। इनमें राजस्थान के सीकर जिले के उद्योग नगर थाना, रावतसर, कोटा तथा हरियाणा के सिटी टोहाना थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे चोरी की अन्य वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
प्रमुख बिंदु
- सीआईए कलायत ने पुलिस मुठभेड़ के बाद वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार।
- आरोपी राहुल उर्फ बच्ची के पैर में लगी गोली।
- अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद।
- पूंडरी में 9 और बाता में 5 दुकानों में चोरी के मामलों में था वांछित।
- राजस्थान, टोहाना और कैथल में चोरी, स्नैचिंग और डकैती के करीब 15 मामले दर्ज।
- आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा।


Leave a Reply