कैथल, 4 अगस्त। सीवन गेट स्थित होली पथ स्पेशल एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर का मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) डॉ. सुशील कुमार की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय निरीक्षण कमेटी ने विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान कमेटी ने संस्थान में दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित मानकों का गहन मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान कमेटी ने दिव्यांग बच्चों के रहने की व्यवस्था, हॉस्टल, कमरों की उपलब्धता, सुरक्षा, अध्ययन सामग्री, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए उपलब्ध अनुकूल वातावरण का बारीकी से निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि होली पथ स्पेशल एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत बाल देख-रेख संस्थान (चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशन-CCI) के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। इसी प्रक्रिया के तहत जिला स्तरीय निरीक्षण कमेटी द्वारा संस्थान का मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के बाद कमेटी संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के आधार पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट और सिफारिशें संबंधित उच्च अधिकारियों को भेजेगी। रिपोर्ट के आधार पर स्कूल को बाल देख-रेख संस्थान (CCI) के रूप में पंजीकरण की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति (CWC), किशोर न्याय बोर्ड (JJB), स्वास्थ्य विभाग, सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply