“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल: सीआईए गुहला पुलिस ने 7.20 ग्राम हेरोइन के साथ नशा तस्कर को किया गिरफ्तार

कैथल, 3 अगस्त। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए सीआईए गुहला पुलिस ने पुंडरी क्षेत्र से एक युवक को 7.20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई सनेश कुमार अपनी टीम के साथ मुंदड़ी नहर पुल पर गश्त और अपराध रोकथाम के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि वार्ड नंबर-3, पुंडरी निवासी सागर होंडा एक्टिवा स्कूटी पर हेरोइन लेकर कैथल की ओर बेचने के लिए आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंदड़ी नहर पटरी पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए हुलिये का युवक स्कूटी पर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस ने एईटीओ कैथल रोहित कुमार की मौजूदगी में आरोपी की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जीन्स की जेब से काले रंग की पॉलिथीन में रखी पारदर्शी पन्नी बरामद हुई, जिसमें 7.20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिला।

इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा ताकि उससे नशा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *