“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पुलिस पर जानलेवा हमला, 48.35 ग्राम हेरोइन के साथ 5 नशा तस्कर गिरफ्तार; फरार आरोपी मुठभेड़ में काबू

कैथल, 31 जुलाई। हरियाणा के कैथल जिले में एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 48.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस नाके को तोड़ने के लिए सरकारी वाहन में सीधी टक्कर मारकर पुलिस टीम की जान लेने का प्रयास किया। घटना के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी द्वारा चलाई गई गोली एसआई प्रदीप कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की महिंद्रा TUV-300 (HR20AK-1200) में सवार कुछ युवक गांव फरल क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई कर रहे हैं और घोड़ा पुली चौक होते हुए मटरवा खेड़ी की ओर जाएंगे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घोड़ा पुली चौक के पास नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने की बजाय तेज रफ्तार से पुलिस की सरकारी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। सतर्कता के चलते पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद आरोपी वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन गाड़ी सड़क किनारे खेत में उतरकर बंद हो गई। इसके बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

पुलिस ने मौके से अमित कुमार निवासी बढ़सीकरी कला, दीपक निवासी खेड़ी मसानियां और विशाल निवासी मटोर को गिरफ्तार कर लिया। करीब 15 से 20 मिनट की तलाश के बाद गुरदीप निवासी मटोर को भी पकड़ लिया गया, जबकि वाहन चालक संदीप निवासी मटोर मौके से फरार हो गया।

डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 48.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। थाना पूंडरी में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद हेरोइन सभी की साझी थी और वे इसे खरीदकर विभिन्न क्षेत्रों में नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। उन्होंने यह भी माना कि पुलिस नाका देखकर उन्होंने चालक संदीप को किसी भी कीमत पर भागने के लिए कहा था।

फरार आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग

घटना के बाद फरार आरोपी संदीप की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश देती रहीं। रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि एक युवक सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास संदिग्ध गतिविधियां कर रहा है। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक सेल की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एसआई प्रदीप कुमार ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी ने दोबारा जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। यह गोली एसआई प्रदीप कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे सुरक्षित बच गए।

आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी की टांग पर गोली चलाई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संदीप के खिलाफ चोरी, दुष्कर्म सहित पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी गुरदीप पर आर्म्स एक्ट, नशा तस्करी और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। अमित के खिलाफ दो तथा विशाल के खिलाफ मारपीट का एक मामला दर्ज है।

डीएसपी रमेश चंद्र ने कहा कि नशा तस्करी और पुलिस पर हमला करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Focus Keywords

  • Kaithal Police News
  • Kaithal Heroin Recovery
  • Kaithal Encounter News
  • Haryana Crime News
  • Anti Narcotic Cell Kaithal
  • 48.35 Gram Heroin Seized
  • Police Encounter Kaithal
  • Kaithal Breaking News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *