कैथल, 10 जुलाई। जिला उपायुक्त (डीसी) अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम विंडो पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने बताया कि कैथल जिले में अब तक सीएम विंडो पर कुल 82,340 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 75,090 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि 7,250 शिकायतें अभी लंबित हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को इन लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
बैठक से पहले चंडीगढ़ मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों की लंबित शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
फसल मुआवजा शिकायत पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान कलायत क्षेत्र के गांव बड़सीकरी खुर्द निवासी बलवान सिंह की मार्च 2024 की ओलावृष्टि से फसल खराब होने संबंधी शिकायत की भी समीक्षा की गई। डीसी ने बताया कि आवेदक ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के तहत अपनी फसल बेच चुका था और उसने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया था। इस मामले में संबंधित विभाग को उचित एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) भेजने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता नहीं
डीसी अपराजिता ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें अभी तक स्वीकार नहीं की गई हैं, उन्हें तुरंत ऑनलाइन स्वीकार कर प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि निस्तारित शिकायतों की रैंडम जांच भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। किसी भी शिकायत को बंद करने से पहले संबंधित शिकायतकर्ता से सीधे संवाद करना अनिवार्य होगा। यदि किसी कारण से समस्या का समाधान संभव नहीं है, तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट और संतोषजनक कारण बताया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण एक्शन टेकन रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए।
बैठक में एडीसी डॉ. सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी गुरविंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
SEO Keywords:
CM Window Kaithal, Kaithal DC Aparajita, CM Window Complaint Haryana, Kaithal News, Haryana Government, CM Window Complaint Status, Kaithal Administration, Latest Kaithal News, Haryana News, DC Aparajita Meeting


Leave a Reply