“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जून में कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 136 मामलों में 162 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की चोरी का सामान और भारी मात्रा में नशा बरामद


कैथल, 4 जुलाई। जिला पुलिस ने जून 2026 के दौरान अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पुलिस ने शराब तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध हथियार रखने जैसे 136 मामलों में 162 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जून माह में विशेष अभियान के तहत 31 एनडीपीएस (NDPS) मामलों में 43 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 69.330 किलोग्राम डोडा पोस्त, 11.100 किलोग्राम चूरा पोस्त, 87.429 किलोग्राम गांजा, 9.251 किलोग्राम अफीम, 1.135 किलोग्राम चरस, 478.206 ग्राम हेरोइन, 60 नशीली गोलियां तथा नशीली गोलियों का 428 ग्राम घोल बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
शराब तस्करों पर भी बड़ी कार्रवाई
जिला पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ भी सख्ती बरतते हुए 69 मामलों में 69 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1132 बोतल देशी शराब, 225 बोतल हथकढ़ी शराब, 147 बोतल अंग्रेजी शराब, 36 बोतल बीयर और लगभग 1890 लीटर लाहण बरामद किया।
चोरी के मामलों में 1.60 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद
संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 करोड़ 60 लाख 81 हजार 200 रुपये मूल्य की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई।
अवैध हथियार रखने वालों पर कसा शिकंजा
जून माह के दौरान अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 8 मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 13 अवैध देसी पिस्तौल, 6 कारतूस और एक चाकू बरामद किया।
जुआ-सट्टा और फरार अपराधियों पर भी कार्रवाई
जुआ एवं सट्टा अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 30,840 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 8 बेल जंपर, 20 पीओ (घोषित अपराधी) और 3 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन की अपील
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का पहला दायित्व आमजन के जान-माल की सुरक्षा और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस नशा तस्करों, शराब माफिया, अवैध हथियार रखने वालों और अन्य अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *