12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, सांसद नवीन जिंदल करेंगे शिरकत
जिला स्तरीय कार्यक्रम अतिरिक्त अनाज मंडी में होगा आयोजित, जिले के सभी छह खंडों में भी मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
कैथल। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुरेश राविश ने बताया कि 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन जींद रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी में किया जाएगा। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ उपायुक्त अपराजिता तथा पूर्व विधायक लीला राम भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
सभी छह खंडों में भी होंगे योग दिवस कार्यक्रम
सीईओ सुरेश राविश ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के साथ-साथ जिले के सभी छह खंडों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कलायत में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, गुहला में एचएसएएमबी के चेयरमैन एडवोकेट वेदपाल, राजौंद में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, ढांड में पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा तथा पूंडरी में पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
“स्वस्थ आयु के लिए योग” रहेगा इस वर्ष का थीम
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” तथा “योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा” रखी गई है। समारोह का शुभारंभ प्रातः 6 बजे होगा, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
प्रसारित किए जाएंगे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों द्वारा सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जाएगा।
उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया जाएगा सम्मानित
योगाभ्यास के उपरांत मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा
मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने जिले के सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


Leave a Reply