समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : डीसी अपराजिता
शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के दिए निर्देश
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार शिकायत दर्ज कराने या सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े।
डीसी अपराजिता शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविरों की समीक्षा बैठक के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं।
लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। शिकायत का निपटारा होने के बाद संबंधित पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी समय पर अपलोड की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को समय पर जानकारी मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर सही और पूर्ण रूप से दर्ज की जाएं।
अधूरे रिमार्क्स के कारण लंबित रहती हैं शिकायतें
डीसी अपराजिता ने कहा कि कई मामलों में अधूरे रिमार्क्स या अपूर्ण जानकारी के कारण शिकायतें दोबारा खुल जाती हैं और अनावश्यक रूप से लंबित बनी रहती हैं। इसलिए अधिकारियों को चाहिए कि वे जांच रिपोर्ट के साथ तथ्यात्मक और पूर्ण जानकारी ही पोर्टल पर अपडेट करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना समय पर समाधान करना।
प्रत्येक सोमवार और वीरवार को लगते हैं समाधान शिविर
उपायुक्त ने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा भी की जाती है, इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
अनेक अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, एडीसी सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, सीएमओ डॉ. रेणु चावला, डीडीपीओ रितु लाठर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply