कृषि विज्ञान केंद्र कैथल में लाइव कार्यक्रम से जुड़ने की किसानों से अपील, प्रधानमंत्री करेंगे किसान सम्मान समारोह को संबोधित
कैथल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग कैथल के उप निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को सायं 3:45 बजे पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित किसान सम्मान समारोह के दौरान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की जाएगी।
कृषि विज्ञान केंद्र में लाइव कार्यक्रम का होगा आयोजन
डॉ. रविंद्र सिंह ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे 20 जून को दोपहर 3:30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, कैथल पहुंचकर प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम में भाग लें और इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बनें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंद्र सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं और कृषि क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त होंगी।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी देख सकेंगे कार्यक्रम
उप निदेशक ने बताया कि जो किसान कृषि विज्ञान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी देख सकते हैं।
उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम से जुड़ने तथा योजना से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया।
2019 में शुरू हुई थी पीएम-किसान योजना
डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ 24 फरवरी 2019 को किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने, समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया गया था।
इस योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में, प्रत्येक चार माह के अंतराल पर 2,000 रुपये की दर से सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाती है।
किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक योजना
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता प्रदान करती है और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे कार्यक्रम से जुड़कर योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर का लाभ उठाएं और सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

Leave a Reply