दो अलग-अलग मामलों में 2 शराब तस्कर गिरफ्तार, 200 लीटर लाहण व 30.25 बोतल अवैध शराब बरामद
सीआईए-1 और एंटी नारकोटिक सैल की कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा जारी
कैथल। अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर लाहण तथा 30.25 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद की है।
सीआईए-1 ने 30.25 बोतल अवैध शराब सहित आरोपी को पकड़ा
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई एवं एचसी बलजीत सिंह की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर नई अनाज मंडी सीवन में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पैदल आ रहे संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सीवन निवासी साहिल के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे में मौजूद प्लास्टिक कैनी से 30.25 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद की गई।
एंटी नारकोटिक सैल ने 200 लीटर लाहण किया बरामद
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एचसी सुनील कुमार और एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने क्योड़क निवासी शमशेर के खेत स्थित कोठे पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी शमशेर को काबू कर लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक ड्रम में रखा 200 लीटर लाहण बरामद किया गया, जिसका उपयोग अवैध शराब तैयार करने में किया जाता है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। बरामद अवैध शराब और लाहण को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


Leave a Reply