“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

267 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित आरोपी गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सैल-टू ने बाइक भी की जब्त

267 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित आरोपी गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सैल-टू ने बाइक भी की जब्त

नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल

कैथल। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल-टू को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आईजी करनाल रेंज करनाल अशोक कुमार के आदेश तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत पुलिस टीम ने एक आरोपी को 267 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक सैल-टू प्रभारी पीएसआई सनेश कुमार की टीम अपराध रोकथाम के लिए संगतपुरा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि बरनाला (पंजाब) निवासी जगदीप उर्फ जग्गी हेरोइन बेचने और सेवन करने का कार्य करता है तथा वह पंजाब नंबर की डिलक्स मोटरसाइकिल पर सवार होकर संगतपुरा के रास्ते कैथल की ओर आने वाला है।

नाकाबंदी कर आरोपी को किया काबू

सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन कर रजबाहा पुल संगतपुरा के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद गांव बरटा की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध युवक को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान बरनाला (पंजाब) निवासी जगदीप उर्फ जग्गी के रूप में बताई।

तलाशी में बरामद हुआ 267 ग्राम चिट्टा

पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पॉलीथिन बरामद हुई, जिसमें 267 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिला।

बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मौके पर पहुंचे चौकी संगतपुरा प्रभारी पीएसआई मन्नु ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से नशा तस्करी नेटवर्क और हेरोइन की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से आरोपी का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस द्वारा रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *